सोमवार, 01 मई, 2006 को 10:33 GMT तक के समाचार
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह समेत अनेक नेताओं ने जम्मू कश्मीर के डोडा में हुए हत्याकांड की घोर निंदा की है.
भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने डोडा हत्याकांड की निंदा करते हुए एक बयान में कहा, "जम्मू कश्मीर की जनता ने आतंकवादियों को बार-बार ख़ारिज़ किया है."
गृह राज्य मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल ने इसे चरमपंथियों का हताशा में उठाया क़दम बताया है.
डोडा में चरमपंथियों के हाथों 22 लोगों के मारे जाने की पुष्टि करते हुए जायसवाल ने कहा, "आतंकवादियों की इस शर्मनाक कार्रवाई की जितनी भी निंदा की जाए वो कम होगी."
जायसवाल ने कहा, "ऐसा लगता है कि चरमपंथी हताश हैं और राज्य के सकारात्मक घटनाक्रमों के कारण हाशिये पर डाल दिए गए हैं. इसी हताशा की हालत में उन्होंने यह हत्याकांड किया है."
उन्होंने कहा, "मैं जम्मू कश्मीर की जनता से चिंता न करने की अपील करता हूँ. और मैं पूरे राष्ट्र से कहना चाहता हूँ कि वो विचलित नहीं हों."
जायसवाल ने कहा, "ऐसे हत्याकांड राष्ट्र और ख़ास कर जम्मू कश्मीर को शांति की दिशा में बढ़ते रहने से नहीं रोक सकते."
कश्मीरी नेताओं ने भर्त्सना की
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री ग़ुलाम नबी आज़ाद ने कहा, "इस हत्याकांड से राज्य में शांति और विकास के लिए काम करते रहने का हमारा इरादा और दृढ़ होता है."
जम्मू कश्मीर में अलवागवादी दलों के गठजोड़ ऑल पार्टी हुर्रियत कांफ़्रेंस के प्रमुख मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने डोडा हत्याकांड को आतंकवादी कार्रवाई बताते हुए कहा, "हुर्रियत कांफ़्रेंस इस दुर्भाग्यपूर्ण हत्याकांड की निंदा करता है."
मीरवाइज़ ने कहा, "इस हत्याकांड के ज़िम्मेवार लोगों को उद्देश्य है अशांति फैलाना, लोगों को बाँटना और कश्मीरी अवाम को बदनाम करना."
पूर्व मुख्यमंत्री और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता मुफ़्ती मोहम्मद सईद ने डोडा हत्याकांड की कड़े शब्दों में निंदा की है.