http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 29 अप्रैल, 2006 को 07:51 GMT तक के समाचार

शाहीन मिसाइल का सफल परीक्षण

पाकिस्तान ने परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम एक और मिसाइल का सफल परीक्षण किया है जिसकी मारक क्षमता दो हज़ार किलोमीटर से अधिक है.

अधिकारियों का कहना है कि ये शाहीन टू या हत्फ VI मिसाइल का ही दूसरा सफल परीक्षण है जिसका पहला परीक्षण मार्च 2005 में किया गया था.

प्रधानमंत्री शौकत अज़ीज़ इस अवसर पर परीक्षण स्थल पर मौजूद थे.

हत्फ VI पाकिस्तान की सबसे लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइल है जो 2500 किलोमीटर तक मार कर सकती है.

सेना द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि यह परीक्षण इसलिए किया गया ताकि नए तकनीकी पहलूओं की जांच की जा सके.

पाकिस्तान ने इन परीक्षणों के बारे में भारत समेत अपने पड़ोसी देशों को पहले ही सूचना दे दी थी. उनका कहना है कि इन परीक्षणों से भारत के साथ संबंधों में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी.