शनिवार, 29 अप्रैल, 2006 को 10:14 GMT तक के समाचार
शनिवार को भाजपा नेता प्रमोद महाजन का एक और ऑपरेशन किया गया है.
यह उनका तीसरा ऑपरेशन है. पहला ऑपरेशन तब किया गया था जब उन्हें 22 अप्रैल को घायल अवस्था में अस्पताल लाया गया था.
इस बीच हिंदूजा अस्पताल में वे जीवन रक्षक मशीनों और दवाओं पर निर्भर हैं और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल की सुबह उनके भाई प्रवीण महाजन ने कथित तौर पर उन्हें गोली मार दी थी और तभी से वे अस्पताल में भर्ती हैं.
गोलियाँ अभी भी उनके शरीर के भीतर हैं और उनका लीवर अभी भी काम नहीं कर रहा है.
हिंदूजा अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक़ शनिवार को लगभग दो घंटे चले ऑपरेशन में प्रमोद महाजन के पेट की सफ़ाई की गई है और एक नली लगा दी गई है.
जब से उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया है तब से अब तक उनके ब्लडप्रेशर को नियंत्रित करने के लिए दवाओं की मात्रा कम की गई है.