शुक्रवार, 28 अप्रैल, 2006 को 13:44 GMT तक के समाचार
भारतीय पंजाब के जालंधर शहर में शुक्रवार को एक यात्री बस में आग लगने से कम से कम 13 लोगों के घायल होने की ख़बर है.
यह जानकारी राज्य के आधिकारिक सूत्रों के हवाले से दी गई है.
इससे पहले सरकारी सूत्रों ने बताया था कि घटना की कारण बस में हुआ बम धमाका है.
घटना के तुरंत बाद इस सूचना के आधार पर बड़ी तादाद में पुलिसकर्मी और सेना की फ़ॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुँच गई थी.
जाँच के बाद अधिकारियों ने बताया कि यह हादसा धमाके की वजह से नहीं बल्कि आग लगने के कारण हुआ है.
घटना में किसी भी व्यक्ति के मारे जाने की ख़बर नहीं है. हालांकि तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है.
आग लगने की वजह को लेकर कोई ठोस कारण नहीं बताया जा सका है.
घटना के बाद जारी सरकारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक शायद बस की तेल की टंकी में आग लगी जो पूरी बस में फैल गई.
घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने बताया कि तेज़ गर्मी या यात्रियों के पास किसी ज्वलनशील पदार्थ भी इस हादसे की वजह हो सकती है.
ग़ौरतलब है कि जालंधर में शुक्रवार का तापमान 43 डिग्री रहा.