बुधवार, 26 अप्रैल, 2006 को 16:04 GMT तक के समाचार
श्रीलंका के पूर्वोत्तर के इलाक़ों में तमिल विद्रोहियों के ठिकानों पर बमबारी के बीच हज़ारों लोग अपने घर छोड़ कर भाग रहे हैं.
स्थानीय अधिकारियों ने बीबीसी को बताया कि क़रीब 40 हज़ार लोग सुरक्षित ठिकानों की खोज में उत्तर में जंगलों का रुख़ कर रहे हैं.
इस बीच श्रीलंका की ताज़ा स्थिति पर विचार करने के लिए शुक्रवार को श्रीलंकाई शांति प्रक्रिया में शामिल पक्षों की नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में बैठक बुलाई गई है.
त्रिंकोमाली में तमिल विद्रोहियों के एक नेता ने कहा कि हवाई हमले शुरू होने के बाद से कम से कम 15 आम नागरिक मारे जा चुके हैं.
सेना ने 2002 के युद्धविराम समझौते के बाद पहली बार आधिकारिक रूप से तमिल विद्रोहियों के ख़िलाफ़ कोई सैनिक कार्रवाई की है.
वहीं सेना का कहना है कि मंगलवार की रात विद्रोहियों के हमले में कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए. विद्रोहियों ने ऐसे किसी हमले में शामिल होने से इनकार किया है.
राजधानी कोलंबो में सेना मुख्यालय पर हमले के बाद मंगलवार को सेना ने त्रिंकोमाली इलाक़े में तमिल विद्रोहियों के ठिकानों पर हवाई हमले शुरू किए थे.
सेना मुख्यालय पर एक आत्मघाती हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि सेना प्रमुख सरथ फ़ोनसेको बुरी तरह घायल हो गए.
'सरकार नहीं झुकेगी'
बुधवार के हमलों के बारे में सेना का कहना है कि ताज़ा हमले त्रिंकोमली बंदरगाह के आसपास के इलाक़ों में विद्रोहियों के ठिकानों को निशाना बनाया गया है.
सेना के एक प्रवक्ता प्रसाद समरसिंघे का कहना था कि त्रिंकोमाली में नौसेना की एक बोट पर गोलीबारी के बाद यह कार्रवाई की जा रही है.
श्रीलंका के राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे ने मंगलवार की रात टीवी पर घोषणा की थी कि सरकार तमिल विद्रोहियों के साथ युद्ध नहीं चाहती है लेकिन वह इन हमलों के आगे घुटने नहीं टेकेगी.
इस बीच आत्मघाती बम हमले में बुरी तरह घायल सेना प्रमुख लेफ़्टिनेंट जनरल सरथ फ़ोनसेका की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है.