http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 26 अप्रैल, 2006 को 13:26 GMT तक के समाचार

नेपाल में सैनिक गोलीबारी में छह मरे

नेपाल में एक सैनिक शिविर के बाहर प्रदर्शनकारियों पर सैनिकों की गोलीबारी में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई है जबकि 25 अन्य घायल हो गए हैं.

यह घटना दक्षिण-पूर्वी नेपाल में बेलबरी में हुई है.

रिपोर्टों के अनुसार क़रीब दो हज़ार लोग सैनिक शिविर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे.

प्रदर्शनकारी कथित रूप से सैनिकों के बलात्कार का शिकार बनी एक महिला की मौत को लेकर ग़ुस्से में थे.

अधिकारियों ने आरोपों से इनकार किया है और कहा है कि सेना को अपने बचाव में गोलीबारी करनी पड़ी.

हाल के दिनों में राजा विरोधी प्रदर्शनों के दौरान भी सेना के हाथों 14 लोग मारे गए थे.

नेपाली मानवाधिकार कार्यकर्ता कुंदन आर्यल ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि सेना के हाथों एक महिला की मौत की अफ़वाह के बाद सैनिक छावनी के बाहर एक भीड़ जमा हो गई.

नेपाल में माओवादी विद्रोहियों का सामना कर रही सेना पर पहले भी बलात्कार और हत्या के आरोप लगे हैं.