http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 24 अप्रैल, 2006 को 07:35 GMT तक के समाचार

महाजन की स्थिति अब भी चिंताजनक

भाजपा नेता प्रमोद महाजन की हालत नाजुक बनी हुई है. हालांकि उनके लिवर से खून का रिसाव बंद हो गया है.

हिंदुजा अस्पताल की ओर से सोमवार को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया कि प्रमोद महाजन अब भी जीवन रक्षक उपकरणों पर हैं. लेकिन सकारात्मक बात है कि उनके लिवर से खून का रिसाव बंद हो गया है.

दूसरी ओर प्रमोद महाजन के परिवार ने ऑस्ट्रेलिया से डॉक्टर स्टेवन डीन को बुलाया है.

मुंबई पहुँचते ही वो प्रमोद महाजन को देखने हिंदुजा अस्पताल गए. इसके पहले ब्रिटेन के लिवर विशेषज्ञ डॉक्टर मोहम्मद रेला ने उनकी जाँच की.

प्रमोद महाजन का एक और छोटा सा ऑपरेशन रविवार को किया गया था.

हिंदुजा अस्पताल के डॉक्टरों का कहना है कि उनके शरीर में अतिरिक्त द्रव्य को निकालने के लिए यह ऑपरेशन करना ज़रुरी था.

शनिवार की सुबह प्रमोद महाजन को उनके अपने ही भाई ने गोली मार दी थी जिसके बाद से वो गंभीर हालत में अस्पताल में हैं.

पुलिस का कहना है कि उनके भाई प्रवीण महाजन ने ही गोली चलाई थीं और उन्होंने आत्मसमर्पण करने के बाद इसे स्वीकार भी कर लिया है.

भाजपा के लगभग सभी वरिष्ठ नेताओं ने मुंबई पहुँचकर प्रमोद महाजन की तबियत के बारे में जानकारी ली है और देश के प्रमुख नेताओं ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है.