सोमवार, 24 अप्रैल, 2006 को 11:52 GMT तक के समाचार
पूर्व विदेश मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता नटवर सिंह ने सरकार की नेपाल नीति की आलोचना करते हुए कहा है कि सरकार ने वहाँ की जनता को निराश किया है.
एक बयान में नटवर सिंह ने कहा, "हमने नेपाल की जनता को निराश किया है. हमने सात राजनीतिक पार्टियों की सदभावना खो दिया है, माओवादियों का ग़ुस्सा मोल लिया है और राजा की ओर से भी हमें कोई शाबाशी भी नहीं मिली."
पाँच महीने पहले इराक़ की तेल के बदले अनाज योजना से लाभ उठाने वालों में नटवर सिंह का भी नाम आया था.
इसके बाद नटवर सिंह को विदेश मंत्री का पद छोड़ना पड़ा था और फिर कांग्रेस कार्यसमिति से भी उन्हें हटा दिया गया था.
फ़ॉर्मूला
नेपाल मामले पर अपने बयान में नटवर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के विशेष दूत के रूप में कर्ण सिंह ने कोशिश तो की लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.
नटवर सिंह ने कहा कि कम्युनिस्ट पार्टी नेता सीताराम येचुरी ने जो सात सूत्री फ़ॉर्मूला सुझाया था, उसी को आधार बनाया जा सकता था.
सीताराम येचुरी ने कहा था कि सरकार राजा ज्ञानेंद्र को संसद बहाल करने के लिए मनाए ताकि वहाँ की स्थिति पर क़ाबू पाया जा सके.
सीताराम येचुरी ने पश्चिम बंगाल में अपना चुनाव प्रचार बीच में छोड़कर रक्षा मंत्री प्रणव मुखर्जी से रविवार को मुलाक़ात की थी जिसमें उन्होंने नेपाल में संसद बहाल करने की बात दोहराई थी.