http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 22 अप्रैल, 2006 को 12:23 GMT तक के समाचार

महाजन पर हुए हमले पर दुख

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और महासचिव प्रमोद महाजन को उनके मुंबई स्थित निवास पर गोली मारे जाने पर विभिन्न नेताओं ने दुख व्यक्त किया है.

भारतीय प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने प्रमोद महाजन की पत्नी को भेजे एक पत्र में कहा है, "मुझे आपके पति को गोली मारे जाने और उससे उनके घायल होने की इस घटना के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ."

डॉक्टर मनमोहन सिंह ने लिखा है, "मैं प्रमोद महाजन जी के जल्दी स्वास्थ्य लाभ की कामना कर रहा हूँ और आप भी मेरी शुभकामनाएँ प्रमोद जी तक पहुँचा दें."

भारतीय जनता पार्टी के पूर्व अध्यक्ष और विपक्षी नेता लालकृष्ण आडवाणी भी अपनी 'भारत सुरक्षा यात्रा' बीच में ही रोककर प्रमोद महाजन को देखने मुंबई के हिंदूजा अस्पताल में पहुँचे.

अस्पताल से बाहर आने के बाद आडवाणी ने पत्रकारों से कहा, "डॉक्टरों के अनुसार प्रमोद महाजन की हालत गंभीर है और वे उनके घावों से रक्तस्राव को रोकने की कोशिश कर रहे हैं."

आडवाणी ने कहा, "हम प्रमोद महाजन के जल्दी और पूरी तरह ठीक होने की दुआ ही कर सकते हैं."

उन्होंने कहा कि यह संतोषजनक बात है कि प्रमोद महाजन को सर्वश्रेष्ठ इलाज मिल रहा है.