http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 21 अप्रैल, 2006 को 09:07 GMT तक के समाचार

मुंबई में बसों की हड़ताल

वेतनमान में सुधार की मांग को लेकर मुंबई के बसों के 40 हज़ार से अधिक कर्मचारी शुक्रवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं.

इससे तीन हज़ार से अधिक बसें सड़कों पर नहीं चल रही हैं.

मुंबई से बीबीसी संवाददाता मोनिका चड्ढा का कहना है कि रेलों और टैक्सी सेवा ठीक तरह से चल रही हैं और इसकी वजह से बस यात्रियों को कुछ कम परेशानी हुई है.

मुंबई महानगर में सार्वजनिक बस परिवहन का कार्य बॉम्बे इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (बेस्ट) के ज़िम्मे है.

बेस्ट के कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें कुर्दुकर वेतन समिति की सिफ़ारिशों पर आपत्ति है.

वे समिति की रिपोर्ट के अनुसार मंहगाई भत्ता और अंतरिम राहत भत्ता रोकने का विरोध कर रहे हैं. बेस्ट के कर्मचारियों के साथ बेस्ट प्रबंधन की चर्चा हुई थी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला.

हालांकि अदालत ने इस हड़ताल को ग़ैरक़ानूनी करार दिया है लेकिन फिर भी कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं.