http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 20 अप्रैल, 2006 को 10:33 GMT तक के समाचार

दो बस दुर्घटनाओँ में 62 की मौत

असम और उत्तराँचल में हुई दो अलग-अलग बस दुर्घटनाओं में कम से कम 62 लोगों की मौत हुई है और कई अन्य घायल हो गए हैं.

असम में हुई घटना में 49 लोगों की मौत हुई है. जबकि उत्तराँचल में 13 लोगों की मौत हुई है.

असम की घटना बुधवार की रात हुई है जबकि उत्तराँचल की घटना गुरुवार की सुबह हुई है.

बस में बाराती थे

उत्तर पूर्वी राज्य असम में अधिकारियों ने बताया कि एक यात्री बस नदी में गिर गई जिसकी वजह से कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई.

ये घटना पश्चिम असम के बारपेठा ज़िले के सारुपेठा ज़िले में हुई.

बुधवार की रात एक बारात को लेकर जा रही बस के नदी में गिर जाने से ये दुर्घटना हुई. इस बस में 60 से अधिक लोग सवार थे.

बीबीसी संवाददाता के अनुसार बचाव कार्य जारी है और मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है.

घाटी में गिरी बस

उत्तराँचल में बस दुर्घटना पहाड़ी शहर नैनीताल के पास हुई है.

इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौत हुई है और 27 लोग गंभीर रुप से घायल हुए हैं.

नैनीताल के ज़िलाधीश के अनुसार दिल्ली से अलमोड़ा जा रही बस गुरुवार की सुबह 100 फुट गहरी खाई में गिर गई.

ज़िलाधीश के अनुसार राज्य परिवहन सेवा की इस बस में 43 लोग सवार थे.

घायलों को हल्दवानी के अस्पताल में भर्ती किया गया है.