बुधवार, 19 अप्रैल, 2006 को 06:26 GMT तक के समाचार
पूर्वी श्रीलंका के त्रिंकोमाली शहर में पिछले दो सप्ताह से जारी हिंसा के कारण सैकड़ों लोग अपना घर छोड़कर इलाक़े से भाग गए हैं.
इस इलाक़े में जातीय तनाव फैल गया है और हाल के दिनों में वहाँ कई बम हमले हुए हैं. सरकार ने इन हमलों के लिए तमिल विद्रोहियों को ज़िम्मेदार ठहराया है.
इन बम हमलों के विरोध में सिंहला प्रदर्शनकारियों ने तमिलों के घर जला दिए. इलाक़े में अब कर्फ़्यू लगा दिया गया है.
लेकिन श्रीलंका से एक बीबीसी संवाददाता का कहना है कि हिंसा की और घटनाएँ होने की आशंका है.
इस बीच अगले हफ़्ते सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच बातचीत सही समय हो- इसके लिए कोशिशें जारी हैं.
शनिवार को एलटीटीई ने ख़ुद को इस बातचीत से अलग कर लिया था. बीबीसी संवाददाता का कहना है कि अब उन्हें बातचीत के लिए मनाना मुश्किल होगा.
सरकार और एलटीटीई के बीच बातचीत कराने की कोशिश कर रहे हैं नॉर्वे के दूत यैन हैन्सेनबावर. वे बुधवार को सरकारी प्रतिनिधियों से मिल रहे हैं. इसके बाद वे गुरुवार को एलटीटीई के मुख्यालय जाएँगे.
पिछले 12 दिनों के दौरान त्रिंकोमाली में हिंसा की कई घटनाएँ हुई हैं. अब यहाँ के निवासी इलाक़े से भाग रहे हैं. सैकड़ों लोग स्कूलों और चर्चों में छिपे हुए हैं.