बुधवार, 19 अप्रैल, 2006 को 15:46 GMT तक के समाचार
भारत में राजस्थान की पुलिस ने एक जापानी पर्यटक से पुष्कर में बलात्कार के कथित मामले में चार लोगों को हिरासत में लेने का दावा किया है.
राज्य में विदेशी पर्यटकों के साथ बलात्कार की साल भर में यह तीसरी घटना है.
पुलिस के अनुसार पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए लोगों में एक होटल का मालिक शामिल है.
यह मामला तब सामने आया जब एक जापानी पर्यटक ने आगरा से भेजे एक फ़ैक्स के ज़रिए पुलिस को उससे बलात्कार किए जाने की जानकारी दी.
नशीली दवा
जापानी युवती के अनुसार उसकी इज़्ज़त दो अप्रैल को पुष्कर में लूटी गई, जब एक होटल के मालिक ने उसके पेय पदार्थ में दवा मिलाकर उसे बेहोश कर दिया.
जापानी पर्यटक के अनुसार उसके 54 हज़ार रुपये भी लूट लिए गए.
जयपुर से बीबीसी संवाददाता नारायण बारेठ के अनुसार राज्य के गृह मंत्री गुलामचंद कटारिया ने कहा है कि पीड़ित पर्यटक की तलाश की जा रही है ताकि उसका बयान लेकर आगे की कार्रवाई की जा सके.
पुष्कर से पुलिस का एक दल आगरा रवाना किया गया है.
राजस्थान की पर्यटन मंत्री उषा पूनिया ने मामले को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं से अतिथि सत्कार के प्रसिद्ध राज्य की बदनामी होती है.