http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 18 अप्रैल, 2006 को 18:21 GMT तक के समाचार

रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ

कटियार सोनिया गांधी को चुनौती देंगे

भारतीय जनता पार्टी ने विनय कटियार को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के ख़िलाफ़ रायबरेली से उम्मीदवार बनाने की घोषणा की है.

भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने वाराणसी में आयोजित एक सार्वजनिक सभा में इस बात का ऐलान किया.

बजरंग दल के पूर्व प्रमुख विनय कटियार ने बताया कि वो 20 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगे.

विनय कटियार पिछड़ी जाति से है और संघ परिवार के आंदोलनों में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. वो सोनिया गांधी के विदेशी मूल के मुद्दे पर भी सवाल उठाते रहे हैं.

हाल में वो राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं. वो सन् 2004 का संसदीय चुनाव लखीमपुर खीरी से हार गए थे.

लेकिन माना जा रहा है कि उनकी उम्मीदवारी से राजबरेली के चुनाव में रंगत आ जाएगी.

सोनिया गांधी ने सोमवार को ही राजबरेली से अपना नामांकन दाखिल किया है.

सोनिया ने लाभ के पद के विवाद के बाद रायबरेली से अपनी लोक सभा सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था और अब वो दोबारा चुनाव मैदान में हैं.

सोनिया गांधी राष्ट्रीय सलाहकार परिषद की अध्यक्ष भी थी.