http://www.bbcchindi.com

जम्मू कश्मीर के पूर्व मंत्री पर हमला

भारत के राज्य जम्मू कश्मीर में पुलिस का कहना है कि राज्य के एक पूर्व मंत्री अली मोहम्मद नाइक पर हमला किया गया है और हमले में वे घायल हो गए हैं.

उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है.

माना जा रहा है कि श्रीनगर के पास हुआ ये हमला कुछ संदिग्ध चरमपंथियों ने किया है.

अली मोहम्मद नाइक जम्मू कश्मीर की विपक्षी पार्टी नेशनल कॉंफ़्रेस के सदस्य हैं.

पुलिस का कहना है कि जिस वक़्त अली मोहम्द की कार पर हमला हुआ, वे अपने किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे.

पुलिस के मुताबिक हमले में अली मोहम्मद नाइक के दो सुरक्षागार्डों की मौत हो गई. हमले में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं.

अली मोहम्मद नाइक पूर्व में जम्मू कश्मीर राज्य के कई मुख्य मंत्रालयों का कामकाज देख चुके हैं और राज्य एसेंबली के स्पीकर भी रह चुके हैं.

इस हमले से पहले शुक्रवार को भी श्रीनगर में कई हमले किए गए थे जिसमें चार नागरिक मारे गए थे और 17 अन्य घायल हो गए थे.