रविवार, 16 अप्रैल, 2006 को 09:12 GMT तक के समाचार
दक्षिणी अफ़गानिस्तान में पुलिस के अनुसार सुरक्षा बलों और तालेबान की झड़पों में 14 तालेबान लड़ाके या तो मारे गए हैं या फिर घायल हो गए हैं.
पुलिस के अनुसार ज़ाबुल प्रांत में शनिवार रात को पुलिस नाकों पर हमले किए.
पुलिस के अनुसार लगभग तीस तालेबान लड़ाकों ने क़लात ज़िले में नाकों पर हमले किए और इसके बाद दोनो पक्षों में 'झड़पें' शुरु हो गईं.
पुलिस का कहना था कि इन 'झड़पों' में कोई पुलिसकर्मी मारा नहीं गया है. लेकिन तालेबान ने झड़पें होने से इनकार किया है.
ख़ुद को तालेबान का प्रवक्ता कहने वाले एक व्यक्ति ने दावा किया कम से कम एक पुलिस नाके को आग लगा दी गई और सात पुलिसकर्मियों को मार दिया गया है.
महत्वपूर्ण है कि ये झड़पें कंधार में शुक्रवार को हुई झड़पों के बाद हुई हैं जिनमें सौ से ज़्यादा तालेबान लड़ाकों की सुरक्षाकर्मियों से भिड़ंत हुई थी.
इन झड़पों में 41 तालेबान लड़ाके मारे गए थे.
कंधार प्रांत के गवर्नर असदुल्लाह खालिद के अनुसार वहाँ संघर्ष में अफ़गान सुरक्षा बलों के छह जवान भी मारे गए थे.
अभियान में अमरीकी सैनिक भी अफ़गान सुरक्षाबलों की मदद कर रहे थे.