रविवार, 16 अप्रैल, 2006 को 13:17 GMT तक के समाचार
फ़ैसल मोहम्मद अली
बीबीसी संवाददाता, भोपाल
भारत के छत्तीसगढ़ राज्य के दंतेवाड़ा ज़िले में एक थाने पर रविवार को नक्सली हमला हुआ जिसमें कम से कम 11 लोगों के मारे जाने की ख़बर है.
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह हमला ज़िले के मुरकीपार थाने पर रविवार सुबह हुआ.
हमले में मरने वालों में चार पुलिसकर्मियों के अलावा छह विशेष पुलिस अधिकारी हैं. ये विशेष पुलिस अधिकारी वे लोग हैं जो युवा नागरिक हैं. पुलिस ने इन्हें चरमपंथियों के ख़िलाफ़ अपने राज्यव्यापी अभियान के तहत पुलिस दल की कमी के कारण विशेष तौर पर नियुक्त किया है.
राज्य के पुलिस महानिदेशक ओपी राठौर ने पत्रकारों को बताया कि इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.
हमलावरों ने थाने से हथियार भी लूटे हैं. उधर दंतेवाड़ा ज़िले में ही एक अन्य जगह दुबईकूड़ा में बम फटने से केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के तीन जवानों के घायल होने की भी ख़बर है.
पुलिस के मुताबिक इस विस्फ़ोट के पीछे भी नक्सलवादियों का हाथ है.
ग़ौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से छत्तीसगढ़ में नक्सली हमलों में तेज़ी आई है और अब तक इन घटनाओं में 100 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
कुछ दिनों पहले ही प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने देश में नक्सली समस्या को आंतरिक सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा ख़तरा बताया था.