गुरुवार, 13 अप्रैल, 2006 को 08:40 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के कराची शहर में मंगलवार के बम धमाके में मारे गए लोगों की अंत्येष्ठि के मौक़े पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं.
शहर में तनाव की स्थिति बनी हुई है.
धमाके में मारे गए लोगों में उदारवादी मुस्लिम संगठन सुन्नी तहरीक के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल थे.
कहा जा रहा है कि धमाके में सुन्नी तहरीक के शीर्ष नेतृत्व का लगभग पूरी तरह सफाया हो गया है.
माना जाता है कि अंत्येष्ठि में भारी संख्या में लोग भाग लेंगे.
सुन्नी तहरीक ने एक बड़े विरोध प्रदर्शन के आयोजन की घोषणा की है.
प्रधानमंत्री कराची में
पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शौकत अज़ीज़ कराची में हैं. उनकी अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय बैठक में नगर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई.
अज़ीज़ ने पुलिस और ख़ुफ़िया विभाग के अधिकारियों से कहा कि बम धमाके के लिए ज़िम्मेवार लोगों को यथाशीघ्र पकड़ने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएँ.
इस बीच कराची में सुरक्षा व्यवस्था बहुत सख़्त कर दी गई है. विभिन्न इलाक़ों में सेना की टुकड़ियाँ गश्त कर रही हैं.
सरकार पहले ही ईद-ए-मिलाद उल नबी के मौक़े पर आयोजित समारोह में बम धमाके की न्यायिक जाँच के आदेश दे चुकी है.
धमाके में क़रीब 50 लोग मारे गए थे.