http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 11 अप्रैल, 2006 को 10:02 GMT तक के समाचार

बारूदी सुरंग धमाके में 12 सैनिकों की मौत

श्रीलंका में एक बारूदी सुरंग धमाके में कम से कम 12 नौसैनिकों की मौत हो गई है, जबकि आठ अन्य घायल हो गए हैं.

ये हादसा तब हुआ जब सैनिकों को ले जा रही बस बारूदी सुरंग की चपेट में आ गई.

त्रिंकोमली के पास हुए इस धमाके की चपेट में आकर तीन विदेशी पर्यटकों के भी घायल होने की ख़बर है.

घायल पर्यटकों में एक महिला और दो पुरुष हैं. अभी उनकी राष्ट्रीयता स्पष्ट नहीं हो पाई है.

इससे पहले सोमवार को भी उत्तरी जाफ़ना में एक हमले में पाँच सैनिक और दो आम नागरिकों की मौत हो गई थी.

इन हमलों के लिए सेना ने तमिल छापामारों को ज़िम्मेवार ठहराया है.

तमिल छापामारों के संगठन एलटीटीई ने इन आरोपों से इनकार किया है.

हिंसा की ताज़ा घटनाएँ ऐसे समय हुई हैं जब एक सप्ताह बाद छापामारों और श्रीलंका सरकार के बीच शांति वार्ताओं का अगला दौर आयोजित होना है.