http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 11 अप्रैल, 2006 को 15:30 GMT तक के समाचार

कराची बम धमाके में 50 से अधिक मौतें

पाकिस्तान के कराची शहर में ईद-ए-मिलाद उल नबी के मौक़े पर आयोजित समारोह में बम धमाका होने की वजह से बड़ी संख्या में लोगों के हताहत होने की ख़बर है.

पाकिस्तान में अधिकारियों का कहना है कि कराची में हुए विस्फोट के पीछे किसी आत्मघाती हमलावर का हाथ भी हो सकता है.

पैगंबर मोहम्मद के जन्म दिवस पर आयोजित एक समारोह में शांमिल हज़ारों लोगों की भीड़ में बम फटा जिससे 50 से अधिक लोग मारे गए हैं.

कराची में बीबीसी संवाददाता इदरीस बख्तियार का कहना है कि मरने वालों की संख्या 57 है.

समारोह का आयोजन एक पार्क में खुले आसमान के नीचे किया जा रहा था.

कराची बम धमाकों की तस्वीरों के लिए क्लिक करें

धमाके के बाद स्थिति पर नियंत्रण करने के लिए सेना की मदद लेनी पड़ी. स्थानीय लोगों ने पुलिस के ख़िलाफ नारेबाज़ी की उन पर सुरक्षा मुहैया न करने का आरोप लगाया.

बम फटने के बाद चारों ओर अराजकता का माहौल बन गया था.

इस्लामाबाद में बीबीसी संवाददाता ज़फर अब्बास का कहना है कि कराची में नस्ली हिसा का इतिहास रहा है लेकिन पहली बार ऐसा हुआ है कि पैगंबर के जन्मदिन वाले समारोह में ऐसी कोई घटना घटी हो.

कराची बम धमाके की तस्वीरें

यह धमाका कराची के निश्तर पार्क में हुआ है जहाँ ईद के मौक़े पर निकलने वाले जुलूस ख़त्म होते हैं.

मंगलवार की शाम को भारी भीड़ जमा थी और शाम की नमाज़ के वक़्त यह धमाका हुआ.

मरने वालों में सुन्नी मुसलमानों धार्मिक नेता मोहम्मद तक़ी और सुन्नी तहरीक़ के लीडर इफ़्तेख़ार भट्टी शामिल हैं.

कराची के एक अस्पताल की डॉक्टर सीमा जलाली ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि सिर्फ़ उनके अस्पताल में ही 24 लाशें लाई गई हैं.

पाकिस्तान के गृह मंत्री आफताब शेरपाव ने अभी स्पष्ट नहीं किया है कि यह किस तरह का हमला था. हालांकि उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि इसके पीछे आत्माघाती हमलावरों का हाथ हो सकता है.

धमाके के बाद लोगों में भारी ग़ुस्सा है और उन्होंनै कई स्थानों पर सिनेमाघरों, पेट्रोल पंपों और गाड़ियों में आग लगा दी है.