http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 11 अप्रैल, 2006 को 12:57 GMT तक के समाचार

रॉकेट हमले में छह बच्चों की मौत

पूर्वी अफ़ग़ानिस्तान के एक स्कूल पर रॉकेट हमले में छह छात्र मारे गये हैं जबकि 14 अन्य ज़ख़्मी हो गये है.

ख़बरों के अनुसार कुनार प्रांत की राजधानी असाबद के एक स्कूल पर राकेट गिरा.

कुनार पाकिस्तानी सीमा से सटा सूबा है और यहाँ चरमपंथी हिंसा आम बात है.

समाचार एजेंसी रॉयटर ने रियासत की पुलिस के उपप्रमुख मुहम्मद हसन फराही के हवाले से बताया है कि रॉकेट हमले के समय प्राथमिक स्कूल के छात्र पढ़ाई में व्यस्त थे.

फ़राही ने हमले के के लिए अफ़ग़ानिस्तान के दुश्मनों को ज़िम्मेवार ठहराया.

उस समय इस स्कूल में छह से सोलह वर्ष के करीब एक सौ बच्चे मौजूद थे.

घायलों को नज़दीक के अमरीकी सेना द्वारा चलाये जा रहे एक अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है.

कुनार में ही अफ़ग़ान सेना के एक शिविर पर भी दो रॉकेट दागे गए हैं.

अभी यह स्पष्ट नहीं है कि हमले के पीछे कौन हैं और कितने लोग हताहत हुए हैं.