http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 10 अप्रैल, 2006 को 19:17 GMT तक के समाचार

मेरठ आग हादसे की जांच के आदेश

उत्तर प्रदेश के मेरठ शहर के एक पार्क में चल रहे व्यापार मेले में लगी आग में कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है और 80 से अधिक लोग घायल हैं.

दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं.

अधिकारियों के अनुसार यह आग सोमवार की शाम भारतीय समयानुसार क़रीब छह बजे लगी. देर रात तक आग पर क़ाबू पा लिया गया.

घायलों में से कई लोगों की हालत गंभीर है और मरने वालों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

घायलों को मेरठ के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है.

उत्तर प्रदेश पुलिस के प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि विक्टोरिया पार्क में चल रहे व्यापार मेले में आग शार्ट सर्किट के कारण लगी. आग बुझाने के लिए 20 से अधिक दमकलों को बुलाया गया.

मुख्यमंत्री मुलायम सिंह ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक जताया है. मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार मुख्यमंत्री मंगलवार को घटनास्थल पर जाएंगे.

देर रात तक राहत कार्य जारी था और सरकारी महकमे के कई आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं.

बसपा नेता मायावती ने भी घटनास्थल का दौरा किया है.

मेरठ से बीबीसी संवाददाता नगेंदर शर्मा का कहना है कि स्थानीय जनता में इस दुर्घटना को लेकर काफ़ी गुस्सा और आक्रोश है.

कई लोगों ने राज्य सरकार और प्रशासन के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी भी की है.

प्रत्यक्षदर्शी

एक प्रत्यक्षदर्शी प्रकाश आर्य ने एएफ़पी एजेंसी को बताया, "शवों को पहचान पाना मुश्किल था इसलिए उन्हें लोगों की नज़रों से हटा दिया गया."

बीबीसी संवाददाता रामदत्त त्रिपाठी के मुताबिक मेरठ में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सेना को भी बुलाया गया है.

स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि हादसे के समय मेले में करीब दो हज़ार लोग मौजूद थे.

मेले का सोमवार को आख़िरी दिन था और इसी कारण वहाँ भीड़ ज़्यादा थी. मेले में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगी हुई थी.