सोमवार, 10 अप्रैल, 2006 को 02:24 GMT तक के समाचार
श्रीलंका में शांति वार्ता के मध्यस्थ सोमवार को तमिल विद्रोहियों के इलाक़े में जाकर उनसे मिलेंगे और हिंसा छोड़ने के अपने वादे पर अमल करने को कहेंगे.
यूरोपीय संघ, जापान और नॉर्वे के कूटनयिकों ने तमिल विद्रोहियों के इलाक़े में ही जाकर उनसे बात करने का फ़ैसला किया है.
ये कूटनयिक किलिनोच्ची में जाकर तमिल विद्रोहियों के संगठन तमिल टाइगर्स ऑफ़ तमिल ईलम (एलटीटीई) के अधिकारियों से चर्चा करने वाले हैं.
संभावना है कि वे तमिल विद्रोहियों से फ़रवरी में शांतिवार्ता के दौरान किए गए उस वादे पर अमल करने करने को कहें जिसमें उन्होंने हिंसा छोड़ने की बात कही थी.
शांति वार्ता में मध्यस्थता कर रहे इन कूटनयिकों ने पिछले हफ़्ते श्रीलंका सरकार के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात की थी.
उन्होंने कहा है कि हाल के दिनों में जिस तरह से हिंसा में बढ़ोत्तरी हुई है उससे तीन साल से चले आ रहे युद्ध विराम ख़तरे में पड़ सकता है.
उल्लेखनीय है कि श्रीलंका सरकार और तमिल विद्रोहियों के बीच शांति वार्ता का दूसरा दौर 19 अप्रैल से स्विट्ज़रलैंड में शुरु होना है.