सोमवार, 10 अप्रैल, 2006 को 13:51 GMT तक के समाचार
भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के मेरठ शहर में व्यापार मेले के दौरान भीषण आग लगने से कम से कम 50 लोगों की मौत हो गई है. आग पर काबू पा लिया गया है.
लखनऊ में उत्तर प्रदेश मुख्यमंत्री के कार्यालय के मुताबिक आग लगने से कम से कम 50 लोग मारे गए हैं.
घटनास्थल पर मौजूद बीबीसी संवाददाता नागेंदर शर्मा ने बताया है कि करीब 80 लोग घायल हुए हैं.
घायलों को मेरठ के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती करवाया गया है.
स्थानीय लोगों ने मेले के आयोजकों के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की है.
रात हो जाने के कारण घटनास्थल पर अंधेरा छा गया है और राहत कार्यों में दिक्कत आ रही है.
शॉर्ट सर्किट
आग शुरू होने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है.
एक प्रत्यक्षदर्शी प्रकाश आर्य ने एएफ़पी एजेंसी को बताया, "शवों को पहचान पाना मुश्किल था इसलिए उन्हें लोगों की नज़रों से हटा दिया गया."
बीबीसी संवाददाता रामदत्त त्रिपाठी के मुताबिक मेरठ में रेड अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सेना को भी बुलाया गया है.
बीबीसी संवाददाता रामदत्त त्रिपाठी ने बताया कि जब आग लगी तो आयोजकों ने सही जानकारी देने के बजाय, लोगों से कहा कि सब ठीक है.
स्थानीय पत्रकारों का कहना है कि हादसे के समय मेले में करीब दो हज़ार लोग मौजूद थे.
मेले का सोमवार को आख़िरी दिन था और इसी कारण वहाँ भीड़ ज़्यादा थी. मेले में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगी हुई थी.
व्यापार मेला मेरठ के विक्टोरिया पार्क में चल रहा था. इसी दौरान पंडालों में आग लग गई. आग स्थानीय समयानुसार शाम को करीब छह बजे लगी.