http://www.bbcchindi.com

रविवार, 09 अप्रैल, 2006 को 02:52 GMT तक के समाचार

नक्सलियों ने रेलवे स्टेशन उड़ाया

रेलवे अधिकारियों के अनुसार बिहार के एक छोटे स्टेशन बंसीनाला को शनिवार की देर रात नक्सलियों ने बम विस्फोट करके उड़ा दिया है.

इस विस्फोट से गया-कोडरमा रेल लाइन को भी थोड़ी क्षति पहुँची है.

इससे पहले उन्होंने इस स्टेशन पर तैनात चार रेलवे कर्मचारियों को बंधक बना लिया था. लेकिन बाद में उन्हें रिहा कर दिया.

नक्सलियों या माओवादियों ने ये विस्फोट मगध क्षेत्र में बंद के आव्हान के दौरान किया है. इस आव्हान को देखते हुए पाँच ज़िलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

बिहार में अपने कुछ साथियों की गिरफ़्तारी के विरोध में नक्सलियों ने इस बंद का आव्हान किया है.

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी एके चंद्रा ने बीबीसी के पटना संवाददाता मणिकांत ठाकुर को बताया कि नक्सलियों के बंद के आव्हान को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और कई ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं.

उन्होंने बताया कि ये परिवर्तन शनिवार की रात 12 बजे से लेकर रविवार की रात 12 बजे तक के लिए है.

जिन ट्रेनों पर इसका असर पड़ा है वो मुगलसराय-गया और पटना-गया मार्ग पर चलती हैं.

शनिवार को चार ट्रेनें रद्द की गई थीं जबकि रविवार के लिए सात ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है.

जिन ट्रेनों को रद्द किया गया है उनमें धनबाद-गया इंटरसिटी एक्सप्रेस, बनारस-आसनसोल पैसेंजर और पटना-गया-पटना ईएमयू प्रमुख हैं.