http://www.bbcchindi.com

रविवार, 09 अप्रैल, 2006 को 06:54 GMT तक के समाचार

करज़ई चार दिन की भारत यात्रा पर

अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करज़ई चार दिन की भारत यात्रा पर रविवार को दिल्ली पहुँच रहे हैं.

उनके साथ उनके मंत्रिमंडल के कई सदस्य और कई उद्योगपति भी आ रहे हैं.

वे भारत के साथ कई द्विपक्षीय मसलों पर चर्चा करेंगे.

करज़ई की राष्ट्रपति अब्दुल कलाम, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित कई नेताओं से मुलाक़ात होनी है.

संभावना है कि अफ़ग़ानिस्तान के राष्ट्रपति की भारत यात्रा के दौरान कई समझौतों पर हस्ताक्षर होंगे.

इस यात्रा के दौरान करज़ई दक्षिणी राज्य आँध्र प्रदेश में हैदराबाद भी जाएँगे.

उनके साथ आ रहे उद्योगपतियों की भारतीय उद्योग परिसंघ के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की भी संभावनाएँ हैं.

अफ़ग़ानिस्तान का राष्ट्रपति बनने के बाद ये हामिद करज़ई की चौथी भारत यात्रा है. वे पिछली बार फ़रवरी 2005 में भारत आए थे.

उल्लेखनीय है कि चार साल पहले तालेबान सरकार के पतन के बाद अफ़ग़ानिस्तान के पुनर्निर्माण में भारत अहम भूमिका निभा रहा है और वहाँ भारत की मदद से कई परियोजनाएँ चल रही हैं.