शनिवार, 08 अप्रैल, 2006 को 21:15 GMT तक के समाचार
नेपाल में दूसरे दिन भी सैकड़ों लोगों ने कर्फ़्यू का उल्लंघन करके राजा ज्ञानेंद्र के ख़िलाफ़ प्रदर्शन जारी रखा है. पुलिस ने अश्रुगैस का भी प्रयोग किया है.
अधिकारियों ने प्रदर्शनों को देखते हुए राजधानी काठमांडू और आसपास के शहरों में शनिवार को लगाया गया कर्फ़्यू दूसरे दिन भी बढ़ा दिया था.
शनिवार को हज़ारों लोगों ने प्रदर्शन किया था और पुलिस के साथ हुई झड़पों और फिर गोलीबारी में कम से कम दो लोग मारे गए थे.
सरकारी टीवी का कहना है कि सुरक्षाबलों को आदेश दिया गया है कि वे कर्फ़्यू का उल्लंघन करनेवाले किसी भी शख्स को गोली दें.
मोबाइल फ़ोन पहले से ही बंद कर दिए गए हैं.
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार संगठन के एक प्रवक्ता ने पुलिस बल प्रयोग की निंदा की है और इसे शाक्ति का असंगत इस्तेमाल क़रार दिया है.
कड़ी सुरक्षा
कर्फ़्यू का उल्लंघन करते हुए सैकड़ों लोगों ने काठमांडू के आसपास प्रदर्शन किए हैं.
प्रदर्शनकारियों ने सरकारी संपत्तियों को नुक़सान पहुँचाया है और टायर जलाकर रास्ता रोकने की कोशिश की है.
प्रदर्शनकारियों को तितरबितर करने के लिए सुरक्षाबलों ने अश्रुगैस भी छोड़े.
समाचार एजेंसी रॉयटर के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने पोखरा में उस अस्पताल में घुसने की कोशिश की जहाँ शनिवार को झड़प में मारे गए एक व्यक्ति की लाश रखी हुई थी.
वहाँ सेना ने बचाव में गोली चलाई जिसमें एक व्यक्ति घायल हो गया.
उधर नारायणनघाट में शनिवार को घायल हुई एक महिला की रविवार को मौत हो गई है.
हड़ताल
पिछले कुछ दिनों में प्रदर्शनकारियों ने विरोध जताने के लिए सड़क मार्ग अवरुद्ध किए हैं और सड़कों पर उतर कर अपना विरोध जताया है.
नेपाल में विपक्षी पार्टियों ने गुरुवार से आम हड़ताल का आह्वान किया हुआ है.
फ़रवरी 2005 में राजा ज्ञानेंद्र ने नेपाल सरकार को बर्ख़ास्त कर सत्ता अपने हाथ में ले ली थी. विपक्षी पार्टियाँ इसके विरोध में प्रदर्शन कर रही हैं.
सरकार ने कर्फ़्यू लगाने का आदेश विपक्षी दलों को एक बड़ी रैली आयोजित करने से रोकने के लिए दिया है.
शनिवार को कर्फ़्यू लगाने के बाद रैली को रविवार तक के लिए स्थगित कर दिया गया था लेकिन लगता नहीं कि विपक्षी दल रविवार को भी रैली निकाल सकेंगे.