गुरुवार, 06 अप्रैल, 2006 को 22:51 GMT तक के समाचार
भारत के गुजरात राज्य के कच्छ इलाक़े में गुरुवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए.
मौसम विभाग का कहना है कि रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 4.7 थी. भूकंप से किसी नुक़सान की ख़बर नहीं है.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने मौसम विभाग के हवाले ख़बर दी है कि भूकंप का पहला झटका शाम को भारतीय समयानुसार 5.33 पर महसूस किया गया. इसके बाद रात 11.29 पर भी हल्के झटके महसूस किए गए.
इनका केंद्र गुजरात का कच्छ इलाक़ा बताया जा रहा है. कच्छ के जिलाधिकारी पीएन शर्मा ने बताया कि कच्छ के किसी भी इलाक़े से नुक़सान की कोई ख़बर नहीं है.
समाचार एजेंसियों का कहना है कि झटके महसूस होते ही घबराए लोग अपने घरों से बाहर निकल आए.
ग़ौरतलब है कि 26 जनवरी, 2001 को जब भारत गणतंत्र दिवस मनाने की तैयारी कर रहा था, भूकंप ने गुजरात में भारी तबाही ला दी थी.
उस भूकंप की तीव्रता 7.7 मापी गई थी और उसके कारण लगभग 20 हज़ार लोगों की जानें गईं थीं.