http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 05 अप्रैल, 2006 को 05:17 GMT तक के समाचार

आम हड़ताल से पहले नेपाल में गिरफ़्तारी

नेपाल में पुलिस ने राजधानी काठमांडू में विरोध प्रदर्शनों पर लगी पाबंदी का उल्लंघन करने के मामले में 50 प्रदर्शनकारियों को गिरफ़्तार किया है.

गिरफ़्तार किए गए प्रदर्शनकारियों में वकील, पत्रकार, शिक्षक और डॉक्टर थे, जो राजा ज्ञानेंद्र के प्रत्यक्ष शासन के विरोध में आयोजित आम हड़ताल की योजना के समर्थन में रैली निकाल रहे थे.

इससे पहले बुधवार तड़के क़रीब 20 राजनीतिज्ञों को भी गिरफ़्तार किया गया था. नेपाल में सात राजनीतिक दलों के गठबंधन ने गुरुवार से चार दिनों की आम हड़ताल का आह्वान किया है.

इसी सप्ताह माओवादियों ने प्रदर्शन के समर्थन में एकतरफा युद्धविराम की घोषणा की थी.

पाबंदी

मंगलवार शाम को स्थानीय अधिकारियों ने राजधानी काठमांडू में किसी तरह की सार्वजनिक सभा पर पाबंदी लगा दी थी.

गिरफ़्तार होने से पहले रैली में शामिल नेपाल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शंभू थापा ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "हम जानते हैं कि इस पर पाबंदी लगी हुई है. लेकिन हम सात राजनीतिक पार्टियों का समर्थन कर रहे हैं और हम पाबंदियों का उल्लंघन करेंगे."

बुधवार की सुबह काठमांडू में क़रीब 150 प्रदर्शनकारी इकट्ठा हुए थे, जिनमें से क़रीब 50 लोगों को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया.

दूसरी ओर नेताओं ने कहा है कि इससे आम हड़ताल के आह्वान पर कोई असर नहीं पड़ेगा. नेपाली कांग्रेस पार्टी के नेता शोवाकार प्रजूली ने कहा कि हड़ताल अपने तय कार्यक्रम के मुताबिक़ होगी.

जनवरी में भी नेपाली सरकार ने राजा के ख़िलाफ़ होने वाली सार्वजनिक रैली में बाधा पहुँचाई थी और बड़ी संख्या में नेता और मानवाधिकार कार्यकर्ता हिरासत में लिए गए थे.

उस दौरान कर्फ़्यू लगा दिया गया था और मोबाइल फ़ोन सेवा ठप हो गई थी.