मंगलवार, 04 अप्रैल, 2006 को 03:33 GMT तक के समाचार
पूर्वी दिल्ली की गीता कॉलोनी के निकट झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में सोमवार देर रात लगी आग में पाँच लोग मारे गए हैं, जिनमें दो महिलाएँ हैं.
गीता कॉलोनी के फ़ॉयर स्टेशन अधिकारी वेदपाल सिंह ने बीबीसी को बताया कि आग लगने से 800 झुग्गी-झोपड़ियाँ जल कर ख़ाक हो गईं.
उन्होंने बताया कि घटना में कोई भी घायल नहीं हुआ है. अभी आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है.
अधिकारियों के अनुसार यमुना नदी के किनारे स्थित इस बस्ती में रात 10 बजे भयंकर आग लग गई.
घटना की ख़बर लगते ही फ़ायर ब्रिगेड की 45 गाड़ियाँ मौक़े पर पहुँच गईं.
कर्मचारियों को आग पर क़ाबू पाने में डेढ़ घंटे से भी ज़्यादा का समय लगा.
आग लगने के बाद बस्ती में रहने वाले लोग भाग कर आसपास की सड़कों पर जमा हो गए.
लंबे समय तक इस इलाक़े में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही.