http://www.bbcchindi.com

नगेंदर शर्मा
बीबीसी संवाददाता

'लाभ के पद मामले पर विपक्ष भ्रम में है'

केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा है कि सांसदों के लाभ के पद पर होने के मामले को राजनीतिक रूप देने की कोशिश कर रहा विपक्ष ख़ुद भ्रम की स्थिति में है. उनके अनुसार इस मामले पर अरुण जेटली एक बात कहते हैं तो राजनाथ सिंह दूसरी.

हालांकि, उन्होंने कहा कि संसद के 10 मई से शुरू हो रहे सत्र में इस पर चर्चा की जाएगी और उस समय देखना होगा कि विपक्ष की इस बारे में क्या राय रहती है.

भारत सरकार के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री, कपिल सिब्बल ने ये विचार बीबीसी हिंदी के विशेष कार्यक्रम आपकी बात, बीबीसी के साथ में श्रोताओं के सवालों के जवाब देते हुए व्यक्त किए.

उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि जहाँ एक तरफ़ विपक्ष ने इस मामले पर संसद में सरकार को घेरना चाहा वहीं दूसरी तरफ़ अपनी सरकार वाले राज्य में इसपर एक विधेयक ले आए.

सिब्बल ने कहा, "साफ़ करना होगा कि कौन से पद लाभ के पद माने जाएँ वरना वकालत और चिकित्सा जैसे कई क्षेत्रों में काम कर रहे लोग संसद सदस्य नहीं बन पाएँगे."

एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा, "लाभ के पद को किसी परिभाषा में बाँधना उतना ही कठिन है जितना कि लोकतंत्र को परिभाषित करना. हालांकि अमरीकी सीनेट जैसे उदाहरण भी हमारे सामने हैं. वहाँ यदि कोई उद्योगपति सीनेट का सदस्य बनता है तो उसे अपने शेयर किसी को स्थानांतरित करने होते हैं."

उन्होंने यह भी कहा, "विपक्ष की मानसिकता केवल सोनिया गांधी का विरोध करने और इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने की है. संसद के आगामी सत्र में यदि विपक्ष इस मसले पर किसी विधेयक के पक्ष में मतदान करता है तो हम उनसे पूछेंगे कि यह सोनिया गांधी के लिए है या फिर अपने सांसदों को बचाने के लिए."

नया मौसम चैनल

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि उनके मंत्रालय की ओर से एक 24 घंटे के मौसम समाचार चैनल की शुरुआत करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

उन्होंने बताया कि इसकी तैयारी चल रही है और वर्ष 2009 तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा.

अगर ऐसा होता है तो भारत शायद अकेला ऐसा देश होगा जहाँ 24 घंटे का ऐसा समाचार चैनल होगा, जो केवल मौसम संबंधी जानकारी देगा.

उन्होंने बताया कि इस चैनल को पब्लिक-प्राइवेट साझेदारी से चलाया जाएगा.