http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 29 मार्च, 2006 को 08:28 GMT तक के समाचार

अफ़ग़ानिस्तान में संघर्ष में 14 की मौत

अमरीकी सेना का कहना है कि दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान के हेलमंद प्रांत में हुई लड़ाई में दो विदेशी सैनिक और 12 संदिग्ध चरमपंथी मारे गए हैं.

सेना ने कहा है कि मारे गए सैनिकों में से एक अमरीकी है. दूसरे की पहचान नहीं बताई गई है.

बुधवार सुबह हुए हमले में पाँच और सैनिक घायल भी हो गए हैं.

अमरीकी सेना का कहना है कि ये संघर्ष तब शुरू हुआ जब चरमपंथियों ने हेलमंद प्रांत में एक सैनिक अड्डे पर हमला कर दिया.

अमरीकी सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है,"गठबंधन सैनिकों ने थल सेना और हवाई सेना के सहयोग से कार्रवाई की और माना जा रहा है कि उन्होंने कम-से-कम 12 दुश्मनों को मार गिराया".

वहीं समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने ख़ुद को तालिबान का प्रवक्ता बतानेवाले एक व्यक्ति को ये कहते हुए बताया है कि तालिबान ने विदेशी सैनिकों के ख़िलाफ़ नया अभियान शुरू कर दिया है.

मुल्ला मोहम्मद हनीफ़ नामक इस व्यक्ति ने किसी अज्ञात स्थल से फ़ोन पर रॉयटर्स को बताया,"गर्मी आ रही है और तालिबान ने गठबंधन सेना और अफ़ग़ान सुरक्षाबलों पर हमले शुरू कर दिए हैं".

हेलमंद प्रांत अफ़ग़ानिस्तान में पिछले एक साल के दौरान हिंसा में आई तेज़ी का केंद्र रहा है.