http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 28 मार्च, 2006 को 13:49 GMT तक के समाचार

महाराष्ट्र में बर्ड फ़्लू के मामलों की पुष्टि

अधिकारियों का कहना है कि महाराष्ट्र के जलगाँव ज़िले में बर्ड फ़्लू के मामलों की पुष्टि हुई है. उनका कहना है कि बर्ड फ़्लू के ये नमूने पिछले महीने लिए गए थे.

राज्य के स्वास्थ्य अधिकारियों का कहना है कि जलगाँव ज़िले के 10 किलोमीटर इलाक़े की सभी मुर्गियों को मारने का काम मंगलवार से शुरु हो रहा है.

पशुपालन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कितनी मुर्गियाँ मारी जाएंगी, इसका अंदाज़ तो नहीं है लेकिन प्रभावित इलाक़े के 10 किलोमीटर के दायरे की सभी मुर्गियाँ मार दी जाएंगीं.

हालांकि अधिकारियों ने राज्य में बर्ड फ़्लू के नए मामलों की संभावना से इनकार किया है.

उनका कहना था कि बर्ड फ़्लू के नए मामले सामने नहीं आए हैं लेकिन सावधानी के बतौर मुर्गियों को मारने का आदेश दिया गया है.

अधिकारियों का कहना है कि जिस गाँव के नमूनों में बर्ड फ़्लू के मामले पाए गए वहाँ की सभी मुर्गियों को मारा जाएगा.

पिछले महीने महाराष्ट्र में पहली बार बर्ड फ़्लू का मामला सामने आया था. तब नवापुर ज़िले में मुर्गियों को बर्ड फ़्लू हुआ था जो जलगाँव के नज़दीक है.

इसके बाद गुजरात और मध्य प्रदेश में भी इसके कुछ मामले सामने आए थे. बर्ड फ़्लू की ख़बरों के बाद अंडों और चिकन के दामों में भारी गिरावट आ गई है.