http://www.bbcchindi.com

रविवार, 26 मार्च, 2006 को 02:04 GMT तक के समाचार

छेड़छाड़ से रोका तो गोली मार दी

लखनऊ में अपनी बहू से छेड़छाड़ करने वालों को रोका तो मेहर भार्गव को गोली मार दी गई और शनिवार को दिल्ली में उनकी मौत हो गई.

मेहर भार्गव उत्तर प्रदेश के कांग्रेस नेता लव भार्गव की पत्नी हैं.

फ़रवरी महीने की बीस तारीख़ को हुई इस घटना के प्रमुख अभियुक्त को अभी तक पुलिस गिरफ़्तार नहीं कर सकी है.

हालांकि इसमें शामिल चार में से दो को पुलिस ने गिरफ़्तार कर लिया है.

पुलिस के अनुसार 50 वर्षीय मेहर भार्गव, जो ख़ुद पेशे से वकील थीं, अपनी बहु के साथ जा रही थीं.

जब चार लड़कों ने अभद्र टिप्पणियाँ कीं तो मेहर ने उनसे माफ़ी माँगने के लिए कहा. लेकिन माफ़ी माँगने की जगह उन्होंने मेहर के गले में गोली मार दी.

उन्हें 28 फ़रवरी को दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था लेकिन शनिवार को उनकी मौत हो गई.

उनके परिवारजनों ने मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार न किए जाने पर कहा है कि यह मामला भी दिल्ली की मॉडल जेसिका लाल की हत्या की तरह है.