http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 23 मार्च, 2006 को 11:51 GMT तक के समाचार

'देश मेरी इस भावना को समझेगा'

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा की सदस्यता और राष्ट्रीय सलाहकार परिषद के अध्यक्ष पद से इस्तीफ़े की घोषणा कर भारतीय राजनीति में भूचाल मचा दिया है.

अपने नई दिल्ली स्थित आवास 10 जनपथ में गुरूवार को तीन बजे संवाददताओं के समक्ष उन्होंने अपने इस्तीफ़े की घोषणा की.

सोनिया का इस्तीफ़ा

सोनिया गांधी की घोषणा

"दो दिनों से देश में कुछ लोग ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं जैसे कि सरकार और संसद का उपयोग केवल मेरी तरफ़दारी के लिए हो रहा है. इससे मुझे बहुत दुख पहुँचा है.

मैंने पहले भी कहा है कि मैं राजनीति और सार्वजनिक जीवन में किसी निजी स्वार्थ के लिए नहीं आई. मैंने देश और भारतीय समाज की सेवा और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया है.

इसीलिए मैं सार्वजनिक जीवन और राजनीति के आदर्शों और अपनी मान्यताओं के अनुरूप लोकसभा की सदस्यता से और एनएसी की अध्यक्षता से त्याग-पत्र देती हूँ.

मुझे पूरा भरोसा है कि मेरे रायबरेली के भाई-बहन और पूरा देश मेरी इस भावना को समझेगा."

इस्तीफ़े पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएँ

पत्रकारों के सवालों के जवाब में सोनिया गांधी ने कहा, "मैंने ऐसा इसलिए किया कि मैं ऐसा करना ठीक समझती हूँ."

चुनाव लड़ने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, "हाँ, मैं ज़रूर चुनाव लड़ूँगी. रायबरेली से चुनाव लड़ूँगी."