http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 23 मार्च, 2006 को 20:47 GMT तक के समाचार

पाक नागरिकों के मुद्दे पर राजदूत तलब

पाकिस्तान की सरकार का कहना है कि अफ़ग़ानिस्तान के सुरक्षा बलों ने अफ़ग़ानिस्तान के स्पिन बोल्डक नगर के पास उसके 16 नागरिकों को पहले गिरफ़्तार किया और फिर जान से मार दिया.

काबुल में पाकिस्तानी दूतावास के प्रवक्ता ने बीबीसी को बताया कि मारे गए लोग 'निर्दोष पाकिस्तानी नागरिक' थे, संदिग्ध तालेबान लड़ाके नहीं, जैसा कि अफ़ग़ानिस्तानी सुरक्षा बलों ने दावा किया था.

पाकिस्तान की सरकार ने इस्लामाबाद में अफ़ग़ानिस्तान के राजदूत को बुलाया और इस घटना पर अपना ज़ोरदार विरोध व्यक्त किया.

पाकिस्तान के गृह मंत्री आफ़ताब अहमद ख़ान का कहना था कि मारे गए लोग पारंपरिक नव वर्ष के मौके पर छुट्टियाँ बिताने के लिए अफ़ग़ानिस्तान गए थे.

अफ़ग़ानिस्तान के अधिकारियों का कहना है कि इस घटना की जाँच के आदेश दे दिए गए हैं.

मृतकों में से आठ पाकिस्तान के सीमावर्ती नगर चमन के थे और जब शव वहाँ पहुँचे तो हज़ारों लोगों ने प्रदर्शन किए.