बुधवार, 22 मार्च, 2006 को 05:26 GMT तक के समाचार
मॉडल जेसिका लाल हत्याकांड के सिलसिले में दिल्ली हाईकोर्ट ने सभी नौ अभियुक्तों के ख़िलाफ़ ज़मानती वारंट जारी किया है.
दिल्ली पुलिस ने इस हत्याकांड में सभी नौ अभियुक्तों को रिहा किए जाने के ख़िलाफ़ याचिका दायर की थी.
इस याचिका को स्वीकार करते हुए हाईकोर्ट ने वारंट जारी किए हैं.
इससे पहले दिल्ली की एक अदालत ने गत 21 फ़रवरी को सबूतों के अभाव में अभियुक्तों को आरोपमुक्त कर दिया था.
बुधवार को हाईकोर्ट के दो सदस्यीय पीठ ने सभी नौ अभियुक्तों के ख़िलाफ़ ज़मानती वारंट जारी करते हुए सभी की विदेश जाने पर रोक लगा दी है.
अभियुक्तों में पूर्व केंद्रीय मंत्री और हरियाणा के मंत्री विनोद शर्मा के बेटे मनु शर्मा और राज्यसभा सांसद डीपी यादव के बेटे विकास यादव शामिल हैं.
इस बीच दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को इस मामले में 12 लोगों से फिर पूछताछ की है जिसमें रेस्तराँ की मालकिन बीना रमानी, उनकी बेटी मालिनी रमानी और दो पुलिस अधिकारी शामिल हैं.
याचिका
दिल्ली पुलिस ने 44 पृष्ठों की अपनी अपील में कहा गया है कि अभियुक्तों को रिहा करना ग़लत है और अभियोग पक्ष ने जो परिस्थितिजन्य सबूत पेश किए थे, उन पर विचार नहीं किया गया.
दिल्ली पुलिस की ओर से भारत के अतिरिक्त सॉलीसिटर जनरल गोपाल सुब्रमण्यम अदालत में उपस्थित हुए.
उन्होंने कहा, "सरकार की ओर से याचिका पेश की गई और इसे स्वीकार करते हुए अदालत ने ज़मानती वारंट जारी कर दिए."
हाईकोर्ट में मौजूद जेसिका लाल की बहन सबरीना लाल ने कहा, "अदालत ने सख़्त आदेश दिए हैं और उम्मीद करनी चाहिए कि न्याय मिलने में अब देर नहीं होगी."
अभियुक्तों को रिहा किए जाने पर लोगों ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी और दिल्ली पुलिस और यहाँ तक कि केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल को इस मामले की फिर से जाँच का आश्नासन देना पड़ा था.
उल्लेखनीय है कि दिल्ली हाईकोर्ट ने 24 फ़रवरी को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर पूछा था कि इस मामले की जाँच में क्या ख़ामियाँ थीं.
इस नोटिस के जारी होने के बाद दिल्ली पुलिस आयुक्त केके पॉल ने जेसिका लाल मामले की जाँच करने वाले अधिकारियों के ख़िलाफ़ विभागीय पड़ताल के आदेश दे दिए थे.
मामला
जेसिका लाल की जुलाई 1999 में दिल्ली के एक रेस्तराँ में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
आरोप था कि हरियाणा के एक मंत्री विनोद शर्मा के बेटे मनु शर्मा ने जेसिका लाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी जबकि उनके अन्य दोस्तों ने सबूत मिटाने की कोशिश की थी.
आरोप में कहा गया था कि मनु शर्मा ने जेसिका लाल की इसलिए हत्या कर दी थी क्योंकि जेसिका ने मनु के कहने पर भी उसे शराब परोसने से मना कर दिया था.
इस मामले में मनु शर्मा के अलावा आठ और लोगों पर भी आरोप लगाया गया था जिनमें से एक विकास यादव चर्चित नेता डीपी यादव के पुत्र हैं.