http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 17 मार्च, 2006 को 06:59 GMT तक के समाचार

रूस ने यूरेनियम सौदे को उचित ठहराया

रूस ने भारत के तारापुर परमाणु संयत्र को यूरेनियम आपूर्ति के फ़ैसले को उचित ठहराते हुए स्पष्ट किया है कि यह सौदा अंतररराष्ट्रीय नियमों के तहत है.

रूसी प्रधानमंत्री मिखाइल फ़्रैदकौफ़ ने गुरुवार को भारत पहुँचने के बाद भारत-रूस व्यापारिक बैठक में कहा, "हम इस मामले में सहयोग कर रहे हैं. हमने अंतरराष्ट्रीय नियमों के तहत फ़ैसला किया है और किसी अंतरराष्ट्रीय वादे को नहीं तोड़ा है.''

यह पूछे जाने पर कि क्या रूस को अमरीका के विरोध से अचरज हुआ तो उनका जवाब था, "हमने न्यूक्लियर सप्लाई ग्रुप को तारापुर को परमाणु संयंत्र को ईंधन की आपूर्ति के बारे में सूचित कर दिया है.''

ग़ौरतलब है कि रूस ने तारापुर संयत्र के लिए 60 मीट्रिक टन यूरेनियम आपूर्ति करने की घोषणा की है.

माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री फ़्रैदकौफ़ की इस यात्रा के दौरान यूरेनियम बेचने के सौदे को अंतिम रूप दिया जा सकता है. रूसी प्रधानमंत्री शुक्रवार को भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से बातचीत करेंगे.

अमरीकी आपत्ति

अमरीका ने इस सौदे पर आपत्ति जताई है. कुछ अमरीकी सांसदों का कहना है कि भारत को कुछ शर्तों पर ही यूरेनियम की आपूर्ति हो सकती है और अभी भारत ने उन शर्तों को पूरा नहीं किया है.

भारत ने भी इस सौदे को सही ठहराते हुए कहा है कि इससे किसी नियम का उल्लंघन नहीं होता है.

भारत ने स्पष्ट किया है कि उसने तारापुर परमाणु संयंत्र को चलाए रखने के लिए रूस से सीमित मात्रा में यूरेनियम की आपूर्ति की बात की है और यह कोई दीर्घकालिक व्यवस्था नहीं है.

परमाणु अप्रसार संधि के तहत उन देशों को परमाणु पदार्थ बेचे जाने पर पाबंदी है जिन्होंने संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं. लेकिन असाधारण हालात में ऐसा किया जा सकता है.

भारत ने परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं.