http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 14 मार्च, 2006 को 17:06 GMT तक के समाचार

रूस भारत को यूरेनियम बेचेगा

रूस भारत के दो परमाणु रिएक्टरों के लिए यूरेनियम बेचने पर राज़ी हो गया है.

भारत ने अमरीका से यूरेनियम ख़रीदने का प्रस्ताव रखा था लेकिन अमरीका ने यूरेनियम बेचने से मना कर दिया था.

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता नवतेज सरना ने कहा है कि तारापुर रिएक्टर के लिए ईंधन का इंतज़ाम करना सुरक्षा मुद्दे के तहत आता है और इसलिए रूस क़ानूनी तौर पर यूरेनियम दे सकता है.

नवतेज सरना ने कहा है कि परमाणु अप्रसार संधि के तहत रूस की कुछ बाध्यताएँ हैं. लेकिन तारापुर रिएक्टर का मामला सुरक्षा मुद्दे के तहत आने के चलते रूस भारत को यूरेनियम दे रहा है.

परमाणु अप्रसार संधि के तहत उन देशों को परमाणु पदार्थ बेचे जाने पर पाबंदी है जिन्होंने संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं. लेकिन असाधारण हालातों में ऐसा किया जा सकता है.

भारत ने परमाणु अप्रसार संधि पर हस्ताक्षर नहीं किए हैं.

रूस के प्रधानमंत्री मिखाइल फ़्रैदकोव 16 मार्च को भारत आ रहे हैं.

पीटीआई के मुताबिक रूस ने 45 देशों के समूह एनएसजी यानि न्यूक्लियर सप्लाइयर ग्रुप को बता दिया है कि वो भारत को यूरेनियम दे रहा है.