मंगलवार, 14 मार्च, 2006 को 03:11 GMT तक के समाचार
नेपाल में माओवादियों ने नेपाल नरेश ज्ञानेंद्र के शासन को समाप्त करने के लिए मंगलवार से अनिश्चितकाल के लिए देशव्यापी नाकाबंदी की घोषणा की है.
दूसरी ओर नेपाल सरकार ने माओवादियों को क्षमादान का नया प्रस्ताव रखा है.
माओवादियों ने घोषणा की है कि वे मंगलवार से नेपाल के सभी शहरों में अनिश्चितकालीन नाकेबंदी की शुरुआत कर देंगे. नेपाल प्रशासन के लिए इसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है.
इधर नेपाल प्रशासन का कहना है कि जिन माओवादियों ने तीन महीने के अंदर आत्मसमर्पण किया है, उनको क्षमादान दिया जा सकता है.
प्रस्ताव
नेपाल के गृह मंत्री कमल थापा ने आत्मसमर्पण करनेवाले माओवादियों को नकद राशि देने की भी घोषणा की.
उनका कहना था कि ऐसे लोगों की 14 हज़ार डॉलर और स्वास्थ्य सुविधाएं, नौकरियाँ और ज़मीन उपलब्ध कराई जाएगी.
पिछले साल अक्टूबर में सरकार ने माओवादियों के सामने ऐसा ही प्रस्ताव रखा था. लेकिन इस बार यह प्रस्ताव ऐसे समय आया है जब माओवादी नाकेबंदी करनेवाले हैं.
नेपाल के वरिष्ठ पत्रकार युवराज घिमरे का कहना है कि माओवादियों और सात राजनीतिक दलों के बीच आंदोलन के स्वरूप को लेकर मतभेद सामने आए हैं.
उनका कहना है कि माओवादी नाकाबंदी चाहते हैं जबकि राजनीतिक दल किसी अन्य तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाना चाहते हैं.
उन्होंने बताया कि नाकाबंदी को लेकर माओवादी सक्रिय हो गए हैं. लेकिन प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए हैं.