http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 10 मार्च, 2006 को 13:22 GMT तक के समाचार

कश्मीरी नेताओं की इस्लामाबाद में बैठक

भारत और पाकिस्तान के हिस्सों में पड़नेवाले कश्मीर के विभिन्न मतों वाले लगभग 50 नेताओं की इस्लामाबाद में एक संयुक्त बैठक हो रही है.

तीन दिन की इस बैठक में कश्मीर संकट के साझा हल पर विचार किया जा रहा है.

अंतरराष्ट्रीय संगठन पगवाश ने इससे पहले नेपाल में भी ऐसी एक बैठक करवाई थी लेकिन इस्लामाबाद की बैठक को उससे बड़ा बताया जा रहा है.

पाकिस्तान में इस बैठक के संयोजक लेफ़्टिनेंट जनरल तलत मसूद ने बताया है कि बैठक में सभी पक्ष खुलकर अपनी बात कर सकें इसलिए बैठक बंद कमरे में हो रही है.

बैठक में वे नेता भी हैं जो स्वतंत्र कश्मीर की माँग कर रहे हैं. फिर वे नेता भी हैं जो भारत या पाकिस्तान के साथ मिलना चाहते हैं. इनके अलावा वे लोग भी हैं जो कश्मीर की स्वायत्तता बढ़ाना चाहते हैं.

भारत सरकार के मत का समर्थन करनेवाले नेताओं में सबसे महत्वपूर्ण नाम नेशनल कॉन्फ़्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला का है जो बैठक में हिस्सा ले रहे हैं.

पाकिस्तान में पगवाश के संयोजक लेफ़्टिनेंट जनरल तलत मसूद का कहना है कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ये देखना है कि भारत और पाकिस्तान के बीच जारी शांति प्रक्रिया किसी निश्चित हल तक पहुँच सके.

बैठक वैसे तो एक निजी प्रयास के कारण हो रही है लेकिन समझा जाता है कि इसे भारत और पाकिस्तान की सरकारों का आशीर्वाद प्राप्त है.