गुरुवार, 09 मार्च, 2006 को 07:30 GMT तक के समाचार
शिवसेना प्रमुख बाला साहेब ठाकरे के भतीजे राज ठाकरे ने गुरुवार को अपनी नई पार्टी की घोषणा कर दी है.
उन्होंने अपनी नई पार्टी का नाम 'महाराष्ट्र नव निर्माण सेना' रखा है.
मुंबई में एक पत्रकार वार्ता में राज ठाकरे ने यह घोषणा की. घोषणा के समय मंच पर नई पार्टी का नाम लिखा हुआ था और इसके साथ नीला, केसरिया और हरा रंग दिखाया गया था.
हालांकि इस नई पार्टी के झंडे, निशान आदि के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है.
पत्रकारों को संबोधित करते हुए राज ठाकरे ने बताया कि 19 मार्च को मुंबई में उनकी नई पार्टी की रैली होगी जिसमें वह अपनी पार्टी की आगे की दिशा और विचारधारा के बारे में ख़ुलासा करेंगे.
इससे पहले राज ठाकरे ने पिछले वर्ष 18 दिसंबर को शिवसेना छोड़ने की घोषणा कर दी थी.
उल्लेखनीय है कि 27 नवंबर को राज ठाकरे ने शिवसेना के सभी पदों से इस्तीफ़ा दे दिया था और उद्धव ठाकरे की शिकायत करते हुए कहा था कि पिछले दस सालों से पार्टी में उनकी उपेक्षा हो रही है.
इसके बाद बाल ठाकरे और शिवसेना की ओर से उन्हें मनाने की कई कोशिशें की गईं जो नाकाम रहीं.
बाल ठाकरे के बेटे उद्धव ठाकरे और भतीजे राज ठाकरे के बीच उत्तराधिकार को लेकर खींचतान पुरानी है.