शनिवार, 04 मार्च, 2006 को 03:41 GMT तक के समाचार
रामदत्त त्रिपाठी
बीबीसी संवाददाता, लखनऊ
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में अमरीकी राष्ट्रपति बुश का विरोध के बाद हिंदू और मुसलमानों के बीच हुए संघर्ष के बाद शहर में तनाव है. शुक्रवार को हुए संघर्ष में चार लोग मारे गए थे.
दूसरी ओर मामला राजनीतिक रंग पकड़ता नज़र आ रहा है. भाजपा ने शनिवार को बंद का आह्वान किया है.
अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात कर दिया गया है और रात में कोई अप्रिय घटना का कोई समाचार नहीं है.
उत्तर प्रदेश के गृह सचिव आलोक सिन्हा ने जानकारी दी कि मारे गए लोगों में से प्रत्येक के परिजन के लिए पाँच-पाँच लाख रूपए के मुआवज़े की घोषणा की गई है.
लखनऊ के पुलिस अधीक्षक आशुतोष पांडे का कहना था कि पुलिस को लगता है कि ये घटना सुनियोजित थी.
अधिकारियों ने लखनऊ के दो इलाक़ों, अमीनाबाद और नज़ीराबाद में यूपी बोर्ड की परीक्षा स्थगित कर दी है.
ख़बरें हैं कि झड़प तब शुरु हुए जब शुक्रवार की दोपहर के नमाज़ के बाद मुसलमानों ने लखनऊ के मौलवीगंज इलाक़े से राष्ट्रपति बुश की भारत यात्रा का विरोध करते रैली निकाली और दुकानें बंद करवानी शुरु कीं.
इसका हिंदू दुकानदारों ने विरोध किया और इसी से तनाव पैदा हो गया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाज़ी हुई और फिर गोलीबारी भी शुरु हो गई.