गुरुवार, 02 मार्च, 2006 को 01:37 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के सैन्य अधिकारियों का कहना है कि सेना ने एक चरमपंथी ठिकाने पर हमला करके 45 लोगों को मार दिया है.
सेना ने ये कार्रवाई अफ़ग़ानिस्तान से सटे पाकिस्तान के उत्तरी वज़ीरिस्तान इलाक़े में की गई.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सेना ने पहले ज़मीनी कार्रवाई की और इसमें हेलिकॉप्टर गनशिप की भी मदद ली गई.
सेना की ओर जारी एक बयान में कहा गया है कि मारे गए ज़्यादातर लोग विदेशी थे. ख़बरों के अनुसार मारे गए लोगों में एक चेचन कमांडर भी शामिल है.
सेना के प्रवक्ता मेजर जनरल शौकत सुल्तान ने कहा है कि इस कार्रवाई में एक सैनिक मारा गया और 10 अन्य घायल हो गए.
इलाक़े में एक सरकारी प्रशासक सैयद ज़हीरुल इस्लाम ने कहा, "जिस इलाक़े पर हमला किया गया वहां विदेशी चरमपंथियों का ट्रेनिंग कैंप था."
ज़हीरुल इस्लाम ने बताया कि यह हमला वज़ीरिस्तान इलाक़े के एक प्रमुख शहर मिरानशाह से क़रीब 15 किलोमीटर उत्तर में किया गया.
अधिकारियों का कहना है कि इस सैन्य अभियान की ख़बर आसपास के इलाक़े में फैल गई जिसके बाद चरमपंथियों से सहानुभूति रखनेवाले लोग जमा हो गए और उन्होंने हवा में गोलियाँ चलाईं.
ये कार्रवाई अमरीकी राष्ट्रपति बुश की पाकिस्तान यात्रा ठीक पहले की गई है. राष्ट्रपति बुश शनिवार को पाकिस्तान पहुँच रहे हैं.
इस्लामी राजनीतिक दलों के गठबंधन मुत्तहिदा मजलिसे अमल के नेता काज़ी हुसैन अहमद ने सैन्य कार्रवाई की कड़ी आलोचना की है.
उनका कहना था कि यह कार्रवाई अमरीकी राष्ट्रपति बुश को खुश करने के लिए की गई है.
इसके पहले भी पाकिस्तानी सुरक्षाबलों ने इस इलाक़े में सैन्य कार्रवाई की है जिसमें कई चरमपंथियों मारे गए थे.
अल क़ायदा और तालेबान लड़ाकों की तलाश में लगे अमरीकी सैनिकों ने जनवरी में इसी इलाक़े में हमला किया था जिसमें कुछ आम लोग मारे गए थे.
यह मामला तूल पकड़ गया था और इस हमले पर पाकिस्तान ने अमरीका से औपचारिक विरोध दर्ज कराया था.