http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 23 फ़रवरी, 2006 को 02:23 GMT तक के समाचार

दो लोगों को बर्ड फ़्लू होने की आशंका

महाराष्ट्र के नवापुर में कम से कम दो व्यक्तियों के बर्ड फ़्लू वायरस से संक्रमित होने की ख़बरें हैं.

बीबीसी संवाददाता ज़ुबैर अहमद ने सूत्रों के हवाले से इसकी पुष्टि की है लेकिन सरकार की ओर से अभी इसकी पुष्टि नहीं की गई है.

इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव विनीत चौधरी ने बीबीसी को बताया है कि राज्य के नंदुरबार ज़िले में 95 में से 90 लोगों में बर्ड फ़्लू का वायरस नहीं पाया गया है.

उन्होंने कहा है कि बाक़ी के पाँच लोगों के बारे में गुरुवार तक पता चल जाएगा.

नवापुर सील

उधर फ़्लू से प्रभावित शहर नवापुर और आसपास के 19 गाँवों को पूरी तरह सील किया जा रहा है.

यहाँ शनिवार को मुर्ग़ियों में बर्ड फ़्लू का पहला मामला प्रकाश में आया था.

अधिकारियों ने बीबीसी को बताया है कि किसी भी व्यक्ति को शहर में जाने या फिर शहर से जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है. ट्रक, बसों और निजी वाहनों को शहर के बाहर ही रोका जा रहा है.

बीबीसी संवाददाता के अनुसार गुरुवार से नवापुर स्टेशन पर कोई भी ट्रेन नहीं रुकेगी.

प्रशासनिक स्तर पर उठाए जाने वाले इन क़दमों को काफ़ी गंभीर माना जा रहा है.

लेकिन नवापुर में पोल्ट्री उद्योग से जुड़े ग़ुलाम अली वोहरा का कहना है कि नवापुर में विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानदंडों के मुताबिक़ सभी एहतियाती क़दम उठाए गए हैं.

उन्होंने बीबीसी को बताया कि नवापुर में लोगों के बीच कोई डर या अफ़रातफ़री का माहौल नहीं है.

सामान्य

सरकार की ओर से जारी एक प्रेस रिलीज़ में कहा गया है कि नवापुर में जिन 12 लोगों को पर्यवेक्षण में रखा गया है, वे सामान्य है.

लेकिन बीबीसी संवाददाता का कहना है कि पर्यवेक्षण में रखे गए नौ लोगों के परिवारजनों को भी एहतियात के तौर पर अस्पताल भेज दिया गया है.

इन नौ लोगों में कुछ बच्चे भी हैं और वे मुर्गियों की देखभाल का काम किया करते थे.

सूत्रों का कहना है कि इन्ही में से कम से कम दो लोगों को संक्रमित पाया गया है.

महाराष्ट्र में बर्ड फ़्लू की पुष्टि होने से पहले पोल्ट्री फ़ॉर्म चलाने वाले एक किसान की सूरत में मौत हो गई थी. अब इस किसान के परिवार के तीन सदस्यों को भी अलग-थलग रखा गया है.

दूसरी ओर नवापुर और आसपास के इलाक़ों में मुर्ग़ियों को मारे जाने का काम जारी है.

राज्य के पशुपालन मंत्री अनीस अहमद ने बीबीसी को बताया कि मुर्ग़ियों को मारे जाने का काम पूरा होने वाला है.