http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 23 फ़रवरी, 2006 को 15:28 GMT तक के समाचार

कार्टून मामले में भारत में एक गिरफ़्तारी

भारतीय राजधानी दिल्ली में पुलिस ने पैगंबर मोहम्मद पर कार्टून छापने के आरोप में एक पत्रिका के संपादक को गिरफ़्तार कर लिया है.

पुलिस के अनुसार 'सीनियर इंडिया' नामक हिंदी की एक पत्रिका के संपादक आलोक तोमर को लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के आरोप में गिरफ़्तार किया गया है.

अभी ये स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सीनियर इंडिया में छपा कार्टून डेनमार्क में पहली बार प्रकाशित विवादास्पद कार्टूनों में से है या कोई दूसरा कार्टून.

इस्लाम में अल्लाह या पैगंबर मोहम्मद को चित्रित करने की मनाही है.

उल्लेखनीय है कि डेनमार्क के एक अख़बार द्वारा सितंबर महीने में छापे गए कार्टूनों में से कुछ पर पूरी दुनिया में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है.

अफ़ग़ानिस्तान, पाकिस्तान और नाइजीरिया समेत दुनिया के कई देशों में विरोध प्रदर्शनों के दौरान अनेक लोग मारे जा चुके हैं.

भारत में राजधानी दिल्ली, भोपाल, लखनऊ और हैदराबाद समेत कई शहरों विवादास्पद कार्टून के विरोध में प्रदर्शन हो चुके हैं.

हालाँकि भारत में हुए विरोध प्रदर्शन आम तौर पर हिंसारहित ही रहे हैं.