http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 22 फ़रवरी, 2006 को 04:48 GMT तक के समाचार

बुश की तैयारियों के लिए बर्न्स भारत में

अमरीकी राष्ट्रपति जॉर्ज डब्लू बुश की भारत यात्रा से पहले तैयारियों के लिए अमरीकी विदेश उपमंत्री निकोलस बर्न्स गुरुवार को दिल्ली पहुँच रहे हैं.

माना जा रहा है कि वे भारत-अमरीका परमाणु संधि का रास्ता साफ़ करने के लिए भारत आ रहे हैं.

मार्च के पहले सप्ताह में राष्ट्रपति बुश को भारत आना है और अभी भी परमाणु संधि के रास्ते में कई रुकावटें हैं.

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष जुलाई में अपने अमरीका यात्रा के दौरान भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने परमाणु मामले में एक समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए थे.

हाल ही में निकोलस बर्न्स ने अपने एक बयान में कहा था कि भारत-अमरीका परमाणु संधि का मामला 90 प्रतिशत सुलझ गया है. इस बचे हुए 10 प्रतिशत में कई अहम सवाल हैं.

इसमें मुख्य रुप से असैनिक परमाणु ठिकानों की सूची और परमाणु ठिकानों को अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों के लिए खोलना है.

अमरीका चाहता है कि ज़्यादा से ज़्यादा परमाणु संयंत्रों को असैनिक संयंत्रों की सूची में डाल दे लेकिन भारत इसके लिए तैयार नहीं है.

विश्लेषक मानते हैं कि फ़्रांस के साथ दो दिन पहले हुए परमाणु समझौते से भारत का पक्ष कुछ मज़बूत हुआ है और इसका लाभ अमरीका के साथ संधि में भी होगा.