मंगलवार, 21 फ़रवरी, 2006 को 12:48 GMT तक के समाचार
मशहूर मॉडल जेसिका लाल की हत्या के मामले पर चली सात वर्ष लंबी सुनवाई के बाद मंगलवार को सभी नौ अभियुक्त बरी कर दिए गए हैं.
दिल्ली में एक निचली अदालत में जेसिका लाल की हत्या के मामले की सुनवाई हो रही थी जहाँ अतिरिक्त सेशन जज एसएल भयाना ने इस मामले पर अपना फैसला सुनाते हुए अभियुक्तों को बरी कर दिया.
जेसिका लाल की हत्या के मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री विनोद शर्मा के बेटे मनु शर्मा सहित नौ लोगों को अभियुक्त बनाया गया था.
आरोप
जेसिका लाल की जुलाई, 1999 में दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
जेसिका लाल बीना रमानी के दिल्ली स्थित रेस्टोरेंट में काम करती थीं.
आरोप था कि मनु शर्मा ने जेसिका लाल की गोली मारकर हत्या कर दी थी जबकि उनके अन्य दोस्तों ने सबूत मिटाने की कोशिश की थी.
आरोप में कहा गया था कि मनु शर्मा ने जेसिका लाल की इसलिए हत्या कर दी थी क्योंकि जेसिका ने मनु के कहने पर भी उसे शराब परोसने से मना कर दिया था.
मनु शर्मा के अलावा इस मामले में आठ और लोगों पर भी आरोप लगाया गया था जिनमें से एक, विकास यादव बाहुबली नेता डीपी यादव के पुत्र हैं.