http://www.bbcchindi.com

सोमवार, 20 फ़रवरी, 2006 को 13:50 GMT तक के समाचार

हुर्रियत गुट का बैठक में आने से इनकार

भारत में कश्मीरी अलगाववादी संगठन हुर्रियत कॉन्फ्रेंस के उदारवादी धड़े ने भारतीय प्रधानमंत्री की ओर से गोलमेज़ बैठक के प्रस्ताव का निमंत्रण ठुकरा दिया है.

भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने हुर्रियत नेताओं को इस महीने की 24 तारीख़ को जम्मू कश्मीर के विभिन्न पक्षों की एक व्यापक बैठक बुलाई थी.

इसमें अलगाववादी दलों के अलावा सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया था.

हुर्रियत के उदारवादी गुट के नेता मीरवाइज़ उमर फ़ारूख़ ने कहा है कि बैठक के लिए ये सही समय नहीं है.

उन्होंने श्रीनगर में एक पत्रकारवार्ता में कहा कि गोलमेज परिषद से किसी तरह का कोई निष्कर्ष नहीं निकल सकता.

उन्होंने कहा कि ऐसी किसी बैठक से पहले भारत और पाकिस्तान तथा भारत सरकार और कश्मीरी नेताओं के बीच हो रही वार्ताओं का कोई निष्कर्ष निकलना ज़रूरी है.

मगर उमर फ़ारूख़ ने स्पष्ट किया कि उनका गुट बातचीत की प्रक्रिया का विरोध नहीं कर रहा.

सैयद अली शाह गिलानी के नेतृत्व वाला हुर्रियत का दूसरा कट्टर गुट पहले ही भारत सरकार का प्रस्ताव अस्वीकार कर चुका है.