शुक्रवार, 17 फ़रवरी, 2006 को 18:00 GMT तक के समाचार
आकाश सोनी
लंदन
भारत के उत्तर प्रदेश राज्य के एक मंत्री ने कहा है कि पैगंबर मोहम्मद के कार्टून बनाने वालों को मौत की सज़ा दी जानी चाहिए.
उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण और हज मंत्री हाजी याक़ूब ने बीबीसी के साथ बातचीत में कहा है कि शुक्रवार को जब वह मेरठ ज़िले में एक रैली को संबोधित कर रहे थे तो वहाँ मौजूद मुसलमानों ने पेशकश की कि पैगंबर मोहम्मद के कार्टून बनाने वालों को मौत के घाट उतारने वालों को 51 करोड़ रुपए की ईनाम दिया जाएगा.
हाजी याक़ूब ने कहा कि रैली में मौजूद महिलाओं ने भी इस ईनाम राशि में सहयोग देने के वास्ते अपने ज़ेवरात आदि भी बेचने की पेशकश की.
मंत्री ने यह भी कहा कि लोगों ने कार्टून बनाने वालों को मारने वालों को सोने में तोलने की भी पेशकश की है.
मंत्री ने कहा कि पैगंबर मोहम्मद के इस तरह के कार्टून बनाना दुनिया भर के क़रीब डेढ़ अरब मुसलमानों की भावनाओं को आहत करना है जिनमें पैगंबर के हाथ में छुरा दिखाया गया है.
मंत्री ने भारत सरकार से माँग की दिल्ली में डेनमार्क के दूतावास को बंद किया जाए और डेनमार्क से भारतीय राजदूत को भी बुला लिया जाए.
ग़ौरतलब है कि डेनमार्क के एक अख़बार ने सितंबर 2005 में पैगंबर मोहम्मद का मखौल उड़ाते हुए कुछ कार्टून छापे थे.
यही कार्टून हाल ही में यूरोप के कुछ अन्य अख़बारों ने भी छापे जिसके बाद मुसलमानों में तीखी प्रतिक्रिया हुई और अनेक देशों में क़रीब एक पखवाड़े से विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं.
इन प्रदर्शनों ने कुछ लोग मारे भी गए हैं. पाकिस्तान के पेशावर में शुक्रवार को एक वरिष्ठ मौलवी ने भी कार्टून बनाने वालों के सिर पर दस लाख डॉलर से ज़्यादा का ईनाम देने की बात कही.